हाथरस। श्रावण माह की पावन कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की सेवा हेतु शिविर व सेवा कैंप स्थापित करने को लेकर पुलिस कप्तान चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा सामाजिक, धार्मिक, स्वयंसेवी संगठनों से अपील की गई है।
पुलिस कप्तान चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा जनपद के उन समस्त नागरिकों, सामाजिक संगठनों, धार्मिक संस्थाओं एवं समितियों से अनुरोध किया है, जिन्होंने पूर्व में पवित्र श्रावण मास पर श्रद्धालुओं की सेवा हेतु शिविर का आयोजन किया था। वे यदि इस बार भी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान कांवड़ मार्ग पर श्रद्धालुओं की सेवा हेतु शिविर व सेवा कैंप या भंडारा स्थापित करना चाहते हैं, तो वे अपने शिविर की अनुमति हेतु 25 जुलाई से पूर्व अपना आवेदन पत्र संबंधित उपजिलाधिकारी कार्यालय अथवा निकटतम थाना में अनिवार्य रूप से जमा कर अनुमति प्राप्त कर लें । सभी शिविर निर्धारित मानकों एवं आवश्यक अनुमति प्राप्त होने के उपरांत ही स्थापित किए जाएंगे, जिससे कांवड़ यात्रा का संचालन सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से कराया जा सके।। उन्होंने कहा है कि बिना पूर्व अनुमति के कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार का शिविर या सेवा कैंप स्थापित करने की अनुमति नहीं होगी तथा ऐसे शिविर स्थापित नहीं होने दिए जाएंगे।











