मुख्यमंत्री से समस्या के समाधान की लगाई गुहार:रेलवे स्टेशन मार्ग पर भरा रहता है पूरे कस्बे का पानी
सिकंदराराऊ । कस्बा के मोहल्ला नौरंगाबाद पूर्वी, दमदपुरा, नई कॉलोनी ,कृष्णा बिहार कॉलोनी समेत आसपास के मोहल्लों में हो रहे जलभराव और गंदगी की गंभीर समस्या के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को मोहल्लों के वाशिंदों ने भाजपा नेता सेक्रेटरी सिंह यादव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान को सौंपा । जलभराव की इस गंभीर समस्या से मोहल्लों के वाशिंदे पिछले कई वर्षों से खासे परेशान है।
ज्ञापन में वक्ताओं ने कहा है कि जीटी रोड से रेलवे स्टेशन तक के मार्ग पर पूरे वर्ष कस्बे का गंदा पानी लगभग 3 से 5 फीट तक भरा रहता है। इसी क्षेत्र में कस्बे का कूड़ा-कचरा भी डाला जाता है । जिससे आसपास रहने वाले लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बरसात के मौसम में मोहल्लों के अंदर करीब 2 फीट तक गंदा पानी महीनों तक जमा रहता है। इससे लोगों का आवागमन प्रभावित होता है और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। गंदगी और जलभराव के कारण क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है । जिससे लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि इस गंभीर समस्या के संबंध में नगर पालिका परिषद में कई बार शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है। यह भी बताया कि रेलवे स्टेशन पर्वआने-जाने वाले यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों को पूरे साल जलभराव से उठने वाली दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ता है। ज्ञापन देने वालों में नेम सिंह, विमलेश कुमार, भानु प्रताप, सूरजपाल, नीरज, राजेंद्र कुमार, महेंद्र पाल सिंह ,तेज बहादुर ,अर्जुन ,विकास आदि लोग मौजूद रहे।












