सामूहिक विवाह समारोह स्थगित होने पर समाजसेवियों ने एक कन्या का कराया विवाह

गांव लधौआ में चल रही श्रीराम कथा के दौरान होना था सामूहिक विवाह समारोह

सिकंदराराऊ । जनपद अलीगढ़ के थाना अकराबाद क्षेत्र के गांव लधौआ में चल रही श्रीराम कथा के दौरान गुरुवार को आयोजित होने वाला सामूहिक विवाह समारोह विषम परिस्थितियों के चलते हुए स्थगित हो गया था। सामूहिक विवाह समारोह स्थगित होने के बाद समाजसेवियों ने एक गरीब कन्या के विवाह की जिम्मेदारी संभाली। कस्बा के ममता फ़ार्म हाउस से जुड़े इन समाजसेवियों ने सुनिश्चित किया कि कन्या का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो। इन समाजसेवियों ने ममता फ़ार्म हाउस में सभी धार्मिक रीति-रिवाजों और सम्मान के साथ कन्या का विवाह संपन्न कराया।
बताया जाता है कि जनपद अलीगढ़ के थाना अकराबाद क्षेत्र के गांव सिंहपुर निवासी अहेरिया समाज की इस कन्या का विवाह रामकथा के दौरान होने वाले 11 सामूहिक विवाह समारोहों में से एक में होना तय था। कार्यक्रम अचानक स्थगित होने से परिवार चिंतित हो गया। ऐसे में समाजसेवी रानू पंडित, आकाश दीक्षित और सजल पंडित ने परिवार की मदद का बीड़ा उठाया। इन समाजसेवियों ने ममता फ़ार्म हाउस में सभी धार्मिक रीति-रिवाजों और सम्मान के साथ कन्या का खैर निवासी एक युवक के साथ विवाह संपन्न कराया। समारोह में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं, ताकि कन्या पक्ष को कोई परेशानी न हो। विवाह समारोह में क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे और उन्होंने नवदंपति को आशीर्वाद दिया। उपस्थित लोगों ने समाजसेवियों की इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानवता और सामाजिक उत्तरदायित्व की मिसाल बताया। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद करना प्रेरणादायक है। ममता फ़ार्म हाउस के संचालक और समाजसेवी आकाश दीक्षित ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों की सहायता करना समाज का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य जारी रखने की बात कही।
इस मौके पर मोनू वार्ष्णेय ,मुनेश शर्मा, नीटू शर्मा, मोनू पंडित और दुर्वेश पचौरी आदि मौजूद रहे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment