हाथरस। जिलाधिकारी सत्यप्रकाश पटेल ने जनता दर्शन के दौरान जनसुनवाई कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का ससमय गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।
जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं यथाशीघ्र निस्तारण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी कार्यालय में समस्त कार्य दिवसों में स्वयं जनसुनवाई करें एवं उनकी समस्याओं का मौके पर निस्तारण कराना भी सुनिश्चित करें। जनशिकायतों पर मात्र आदेश देने की औपचारिकता न करके सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि यदि किसी प्रार्थी की समस्या ज्यादा समय से लम्बित है तो दूरभाष पर राजस्व व पुलिस अधिकारियों को निर्देशित कर प्राप्त समस्याओं का निस्तारण कराया जाए। विशेषकर भूमि सम्बन्धी विवाद में उपजिलाधिकारी और पुलिस क्षेत्राधिकारी यदि आवश्यक हो तो राजस्व व पुलिस अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर कार्यवाही सुनिश्चित करें, जिससे कि समस्या का स्थायी रूप से निराकरण हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुनवाई के दौरान जनप्रतिनिधियों से प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता पर निस्तारण किया जाये। सरकारी सीयूजी नम्बर पर अधिकारी स्वयं उत्तर दें एवं जनप्रतिनिधियों से दूरभाष पर भी सम्पर्क में रहें, जिससे जनपद में समन्वित रूप से जनसमस्याओं का निस्तारण हो सके।











