सिकंदराराऊ । कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव बस्तोंई (हवेली) में चोरों ने एक पशुपालक के घर की दीवार काटकर दो भैंस पार कर दी। पीड़ित ने कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। गांव बस्तोंई निवासी मनोज कुमार पुत्र भानुपाल सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उनके घर में कीमती दो भैंसे रोज की भांति बंधी हुई थी। 10 अक्टूबर की रात्रि को अज्ञात चोर घर की दीवार काटकर दोनों भैंस चोरी कर ले गए। पीड़ित के द्वारा भैंसों को काफी तलाश किया गया । किंतु उनका कोई सुराग नहीं लगा। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस भैंस चोरों की तलाश में जुट गई है।

सिकंदराराऊ। पुलिस चौकी अगसौली को थाना बनाए जाने हेतु भूमि आवंटन के दृष्टिगत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने संबंधित स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर मौके की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रस्तावित भूमि की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि पुलिस चौकी अगसौली को थाना बनाए जाने हेतु प्रस्तावित भूमि का नियमानुसार सत्यापन सुनिश्चित करते हुए आवश्यक अभिलेख एवं आख्या तैयार की जाए ।

जिससे अग्रिम कार्यवाही समयबद्ध ढंग से की जा सके। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि आवंटन से संबंधित आवश्यक औपचारिकताओं को नियमानुसार पूर्ण किया जाए, ताकि प्रस्ताव पर आगे की कार्यवाही में अनावश्यक विलंब न हो। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा प्रशासनिक आवश्यकताओं के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय के साथ कार्य करना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी धर्मेंद्र सिंह चौहान,क्षेत्राधिकारी अमित पाठक, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment