सिकंदराराऊ। कस्बा के जी टी रोड स्थित रामबाग परिसर पर एक कवि सम्मेलन आयोजन कर्मयोग सेवा संघ के अध्यक्ष विवेकशील राघव द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अलीगढ़ से पधारे वरिष्ठ कवि ललित सिंह ललित ने तथा संचालन हास्यकवि प्रमोद विषधर ने किया। कार्यक्रम का संयोजन एटा की वरिष्ठ कवयित्री चन्द्रेश जैन, कवि पंकज पंडा तथा कवि शिव संभव ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्रह्मकुमारी भावना दीदी रहीं। मथुरा से पधारे कवि आचार्य निर्मल ने पढ़ा- माँ की ममता देखकर, रुक जाते हैं पाँवमाँ के आंचल में मिले, शीतल, निर्मल छाँव।हाथरस से पधारे कवि वीरेंद्र पाठक ने पढ़ा- आप आये नहीं और सुबह हो गई। मेरी पूजा की थाली धरी रह गई।अलीगढ़ के कवि अभय सिंह अभय ने पढ़ा- माँ की चाह पुकार रही, तुमने कब ये जाना है, वो बैठी मन मार रही, तुमने कब ये जाना है। संयोजिका चन्द्रेश जैन ने पढा – प्यार की दृग धारा कहीं कम नहीं हो जाय। आंखों में आजा, सपना कहीं टूट न जाए। मथुरा से आये कवि डॉ. दिनेश कुमार पुरी ने पढ़ा- मैंने आँखों मे सपने पाले, मंजिल मेरी करीब है।
कसर न छोडूंगा मेहनत में , बदलना मुझे नसीब है। कवि कुमार संभव ने पढ़ा- झूठा गुस्सा वो यार करती है, प्यार भी बेशुमार करती है। घर से बाहर कहीं चला जाऊं । माँ मेरा इंतजार करती है।
लखीमपुर खीरी से पधारे कवि धीरू वर्मा ने पढ़ा- सबकुछ छल-कपट से पाना चाहती है दुनिया, हमने मंथरा को कैकई के कान भरते देखा है।
कार्यक्रम आयोजक विवेकशील राघव ने पढ़ा-इतना तपा दिए हैं कि ढलते चले गए। जाना नहीं कहीं भी, चलते चले गए।
इसी के साथ हास्यकवि पंकज पंडा, डॉ उदयवीर सिंह एटा, देवेंद्र दीक्षित शूल, डॉ. ललित कुमार सिंह, संजय कुमार आगरा आदि ने भी काव्यपाठ किया। आयोजक विवेकशील राघव और कर्मयोग सेवा संघ कर पदाधिकारियों ने सभी साहित्यकारों का अंगवस्त्र तथा प्रतीक चिन्ह देकर स्वागत सम्मान कर आभार व्यक्त किया। इस मौके पर संतोष पुंढीर, नरेश राघव, नागेन्द्र राणा, मुकेश बघेल, सुमित सिसौदिया, वैष्णव शर्मा, राजेश यादव, जितेंद्र यादव, मोनू ठाकुर, संजीव पुंढीर अभय प्रताप, अनन्त प्रताप आदि उपस्थित रहे।










