कार सवार एक वृद्ध की मौत, चालक समेत दो घायल,रेफर:कासगंज रोड पर सरदला पुल के पास हुआ हादसा
सिकंदराराऊ । कासगंज रोड स्थित सरदला पुल के पास सोमवार की तड़के धान से लदे ट्रैक्टर में पीछे से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर घुस गई। हादसे में कार सवार एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि कार चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।

बताया जाता है कि सोमवार की सुबह करीब पांच बजे सरदला पुल के निकट एटा की ओर धान से लदा ट्रैक्टर जा रहा था। इस दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ट्रैक्टर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। कार में तीन लोग सवार थे। हादसे में 70 वर्षीय लालाराम पुत्र मथुरा प्रसाद निवासी गांव मधुबा थाना गुरसहायगंज जिला कन्नौज ,कार चालक अविनेन्द्र पुत्र शिवनाथ निवासी गांव हरजापुर थाना बेवर जिला मैनपुरी तथा आशीष पुत्र लालाराम निवासी गांव मधुबा, जिला कन्नौज गंभीर रूप से घायल हो गए। जहां चिकित्सकों ने लालराम को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से दोनों घायलों को हालत नाजुक होने पर अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।










