सिकं‌दराराऊ के पथवारी माता मंदिर में सजेगा नवचंडी यज्ञ और श्री देवी पुराण कथा का दरबार कल निकलेगी भव्य कलश यात्रा

सिकंदराराऊ । कस्बा के सिद्ध पीठ मां पथवारी माता मंदिर प्रांगण में शारदीय नवरात्रि महोत्सव के पावन अवसर पर नवचंडी यज्ञ एवं श्री देवी पुराण भागवत कथा का भव्य आयोजन होने जा रहा है। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन माता रानी का नयनाभिराम और अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। मंदिर के व्यवस्थापक एवं कार्यक्रम संयोजक धर्मेंद्र शर्मा एडवोकेट ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस नौ दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान में कस्बा के प्रकांड विद्वान आचार्य पंडित सुभाष चंद्र दीक्षित द्वारा जगत जननी मां जगदंबा का गुणगान और देवी पुराण की संगीतमय कथा का रसपान कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि 11 अक्टूबर कल दोपहर 3 बजे मंडी गांधी गंज से कस्बा में भव्य एवं विशाल कलश यात्रा निकाली जाएगी। 12 अक्टूबर सोमवार को सभी देवी-देवताओं का विधि-विधान से पूजन एवं नित्य यज्ञ का शुभारंभ होगा। 13 अक्टूबर (मंगलवार) से 19 अक्टूबर (सोमवार) प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से प्रभु इच्छा तक श्री देवी पुराण भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। 19 अक्टूबर सोमवार की शाम 5:30 बजे यज्ञ की पूर्णाहुति होगी । जिसके बाद विशाल भंडारा और महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम संयोजक धर्मेंद्र शर्मा एडवोकेट ने क्षेत्र के सभी भक्तों, माता-बहनों और धर्म प्रेमियों से अपील की है कि वे इस भव्य अनुष्ठान में सम्मिलित होकर मां जगदंबा का आशीर्वाद प्राप्त करें और पुण्य लाभ कमाएं। उन्होंने यह भी बताया कि जो भी श्रद्धालु भक्त इस पावन यज्ञ और कथा में मुख्य यजमान बनने का सौभाग्य प्राप्त करना चाहते हैं, वे मंदिर पर संपर्क कर सकते हैं।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment