हाथरस।ब्रज के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक 115वें लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज में बिछड़े बच्चों को अपनों से मिलाकर पुलिस ने मानवीय दायित्व निभाया और परिजनों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई हैं।

जनपद में आयोजित 115वें श्री दाऊजी महाराज मेले को पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में मेला प्रभारी अवधेश कुमार द्वारा पर्याप्त पुलिस बल का व्यवस्थापन करते हुआ मेले को सकुशल संपन्न कराया जा चुका है। इस दौरान जनपद पुलिस द्वारा बिछड़े बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने के लिए संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ विशेष प्रयास किए गए। मेले में भारी भीड़ के दृष्टिगत बच्चों की सुरक्षा एवं सहायता को प्राथमिकता देते हुए पुलिसकर्मियों द्वारा बिछड़े बच्चों की पहचान कर उन्हें सकुशल उनके परिजनों तक पहुंचाने का कार्य किया गया।इस अभियान के अंतर्गत 17 सितंबर से 6 अक्टूबर तक कुल 80 बिछड़े बच्चों को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। इनमें विभिन्न आयु वर्ग के बच्चे शामिल थे। मेले के दौरान बिछड़े बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए गए, जिससे बच्चों एवं उनके परिजनों को राहत मिली।

बिछड़े बच्चों को उनके परिजनों से मिलाने की यह कार्यवाही पुलिस के संवेदनशील, जनहितकारी एवं मानवीय कार्यों का उदाहरण है। मेले जैसे बड़े सार्वजनिक आयोजनों में भीड़ के कारण बच्चों के परिजनों से बिछड़ने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में पुलिस की तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण से प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिलती है।
पुलिस ने अपील की है कि मेले, धार्मिक आयोजनों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें। बच्चों को अपना नाम, माता-पिता का नाम तथा मोबाइल नंबर याद कराएं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों को अकेला न छोड़ें। किसी बच्चे के बिछड़ने अथवा अकेले मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी या पुलिस सहायता केंद्र को सूचना दें। पुलिस जनपदवासियों की सुरक्षा, सहायता एवं सेवा के लिए सदैव तत्पर है।












