सिकंदराराऊ । जलेसर मार्ग स्थित गांव असोई के पास एक तेज रफ्तार मैक्स ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई ,जबकि दूसरे युवक की उपचार के दौरान एस०एन० मेडिकल कॉलेज आगरा में मौत हो गई। मृतक युवक के भाई ने कोतवाली हसायन में अज्ञात मैक्स चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
अफसर मलिक पुत्र जफरुददीन निवासी नियर फातिमा मस्जिद अल्वी नगर लोनी देहात लोनी गाजियाबाद ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसका भाई मोहम्मद इलियास 5 सितंबर की दोपहर 3:30 बजे अपने साथी नज्जा पुत्र बडडन खाँ के साथ बाइक पर सवार होकर जलेसर जा रहा था। बाइक को इलियास चला रहा था। जैसे ही बाइक सवार गांव असोई के निकट पहुंचे। तभी जलेसर की ओर से तेज गति से आ रही मैक्स गाड़ी के चालक ने तेजी व लापरवाही से मैक्स को चलाते हुए बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर इलियास की मौत हो गई ,जबकि नज्जा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल नज्जा को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों द्वारा उसे आगरा रेफर कर दिया गया । जहां उपचार के दौरान 10 सितम्बर को नज्जा की मौत हो गई। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस मैक्स चालक की तलाश में जुट गई है।











