सूचना का अधिकार कार्यकर्ता एसोसिएशन के राजीव वार्ष्णेय प्रदेश महामंत्री मनोनीत

भ्रष्ट सिस्टम ने सूचना के अधिकार कानून को मजाक बना दिया है- अशोक शुक्ला एडवोकेट 

सिकन्द्राराऊ में हुआ सूचना का अधिकार कार्यकर्ता एसोसिएशन का भव्य राष्ट्रीय अधिवेशन 

हाथरस/सिकन्द्राराऊ-26 सितंबर। सूचना पारदर्शिता, न्याय के उद्देश्य से सूचना का अधिकार कार्यकर्ता एसोसिएशन का भव्य राष्ट्रीय अधिवेशन आज शनिवार को सिकन्द्राराऊ के जीटी रोड स्थित अमोल चंद पब्लिक स्कूल में आयोजित किया गया और अधिवेशन में देश एवं प्रदेश के आरटीआई एक्टिविस्टों ने सहभागिता कर आरटीआई कानून को और सशक्त एवं मजबूत बनाने तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजीव वार्ष्णेय द्वारा की गई।।

सूचना का अधिकार कार्यकर्ता एसोसिएशन के भव्य राष्ट्रीय अधिवेशन में मंचासीन पदाधिकारियों में राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट अशोक शुक्ला एडवोकेट, राजेश चतुर्वेदी प्रदेश अध्यक्ष, कामरान उद्दीन सिद्दीकी संयुक्त सचिव उ.प्र. (मुख्य वक्ता),
देवेन्द्र सिंह राघव मुख्य अतिथि, विपिन वार्ष्णेय मार्गदर्शक, किशनलाल यादव प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य,राजेन्द्र वार्ष्णेय जिला महामंत्री, अभिषेक अवस्थी मण्डल उपाध्यक्ष, राजीव वार्ष्णेय जिलाध्यक्ष थे। अधिवेशन का संचालन चंद्रगुप्त विक्रमादित्य पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस (आई) द्वारा किया गया।।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ। अधिवेशन की मुख्य घोषणा राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक शुक्ला एडवोकेट की संस्तुति पर प्रदेश अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी ने जनपद के जिलाध्यक्ष राजीव वार्ष्णेय को प्रदेश महामंत्री के पद पर मनोनीत करने की घोषणा की।राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक शुक्ला एडवोकेट ने कहा कि संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है। विभागों द्वारा सूचना न देने की हजारों शिकायतें सूचना आयुक्त कार्यालय में सड़ रही हैं, देखने वाला कोई नहीं है। भ्रष्ट सिस्टम ने सूचना के अधिकार कानून को मजाक बना दिया है। पूरी औपचारिकताओं के बावजूद जानकारी न देना, गलत जानकारी देना आम बात हो गई है। इसको लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, शीघ्र राज्यपाल से भेंट की जाएगी।।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता कामरान उद्दीन सिद्दीकी ने कहा कि भ्रष्टाचार आतंकवाद से बड़ा मुद्दा है। आतंकवाद को चिन्हित कर समाप्त किया जा सकता है, लेकिन रग-रग में व्याप्त भ्रष्टाचार को मिटाना कठिन है। उन्होंने मांग की कि आरटीआई कार्यकर्ताओं को 5 लाख तक का निःशुल्क आयुष्मान इलाज कार्ड एवं आत्मरक्षा हेतु शस्त्र लाइसेंस प्रदान किया जाए।
प्रदेश अध्यक्ष राजेश चतुर्वेदी ने कहा कि अन्ना हजारे आंदोलन के बाद यह कानून आम आदमी के लिए बनाया गया था, पर सख्ती के अभाव में विभाग गलत जानकारी दे रहे हैं।।
मुख्य अतिथि देवेंद्र सिंह राघव ने कहा कि यह कानून आम आदमी को किसी भी विभाग से सूचना प्राप्त करने का अधिकार देता है।मार्गदर्शक विपिन वार्ष्णेय ने कहा कि जब तक सटीक और सही जानकारी नहीं मिलेगी, कानून का होना निरर्थक है।।
नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री राजीव वार्ष्णेय ने कहा कि जन सूचना अधिकारियों द्वारा भ्रामक व गलत सूचनाएं दी जाती हैं। दंडित करने के बजाय सूचना आयोग भी अधिकारियों का समर्थन करते हुए गलत निस्तारण कर देता है। किसी भी हालत में भ्रष्ट अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।गलत निस्तारण के खिलाफ हाईकोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ी जाएगी। पोस्टल ऑर्डर की कठिनाई को लेकर उन्होंने ऑनलाइन शुल्क भुगतान की सुविधा उत्तर प्रदेश में भी लागू करने की मांग की। शीघ्र ही राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष के साथ राज्यपाल से भेंट की जाएगी।।

कार्यक्रम में पीयूष यादव, नरेंद्र गौतम, जयपाल सिंह चौहान, अशोक जादौन, बबलू सिसोदिया, सोनू चौहान, विष्णु वार्ष्णेय, दाऊदयाल वार्ष्णेय, मीरा माहेश्वरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment