सिकंदराराऊ। कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव मथुरापुर में नामजदों ने एक दलित को पीटकर उसकी नाक की हड्डी तोड़ दी।आरोपियों द्वारा उसे जाति सूचक गालियां देकर अपमानित भी किया गया। पीड़ित के भाई ने कोतवाली में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव मथुरापुर निवासी धारा सिंह पुत्र हरी सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उनके खेत में ट्यूवैल का धान की फसल के लिए पानी चल रहा था । वह और उसका बड़ा भाई विजय रात्रि में खेत पर पानी देखने जा रहे थे । वह भाई के लिए बीड़ी लेने दुकान पर रुक गया तथा उनका भाई पहले खेत पर निकल गए। जैसे ही वह खेत पर पहुंचे तभी वहां पहले से घात लगाए बैठे गांव के ही कन्हैया, भूरा पुत्रगण हरिपाल व देवा पुत्र गीतम सिंह ने उसके भाई को रोक लिया और जाति सूचक गालियां देकर अपमानित करने लगे। जब उनके भाई ने गाली गलौज का विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी डंडों एवं तमंचे की बट से बुरी तरह मारापीटा । जिससे उसके भाई की नाक की हड्डी टूट गई। आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है।









