
सादाबाद मई। कोतवाली क्षेत्र के कस्बा स्थित मौहल्ला बरी वाला में आज एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से भारी सनसनी फैल गई तथा विवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी के फन्दे पर लटका हुआ मिला है। घटना से परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
उक्त घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को समझाकर मामला शांत कराया।
मृतका की पहचान मौहल्ला बरी वाला निवासी 26 वर्षीय श्रीमती मालती पत्नी राहुल के रूप में हुई है।। बताया जाता है परिजनों ने मालती को कमरे में फंदे पर लटका हुआ देखा था। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी।









