
हाथरस कोतवाली सदर क्षेत्र के बीएच ऑयल मिल रोड पर आज एक खड़ी कार में अचानक आग लग जाने से भारी अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई तथा काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों की भी भारी भीड़ लग गई।गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के मुताबिक आज अलीगढ़ के बैंक कॉलोनी प्रीमियर नगर निवासी प्रवीण जैन पुत्र सुभाष जैन अपनी किआ सोनेट कार संख्या यूपी 81 सीपी/ 1016 से बीएच ऑयल मिल में एक व्यापारी से मिलने आए थे। उन्होंने कार सड़क किनारे खड़ी की और अंदर चले गए। इसी दौरान अचानक कार से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।।
कार में आग लगने की सूचना से पूरे क्षेत्र में भारी हड़कम्प मच गया और मौके पर लोग दौड़ पड़े।आग लगने के समय कार में कोई मौजूद नहीं था। घटना की सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। आग लगने से कुछ देर के लिए इलाके में यातायात जाम की स्थिति बन गई, जिससे एक एम्बुलेंस भी फंस गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।











