ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला
हापुड़ जाने के दौरान पुलिस द्वारा लिखे मुकदमे को वापस लेने की मांग
मुकदमा वापस न होने पर देशव्यापी आंदोल की दी चेतावनी

सिकंदराराऊ। जमीनी विवाद को लेकर गुरुवार को भारतीय किसान यूनियन,(भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह अपने समर्थकों के साथ उपजिलाधिकारी संजय कुमार से मुलाकात करने को पहुंचे। जिससे राजनीतिक और किसान संगठनों की हलचल तेज हो गई। इस दौरान तहसील परिसर में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा।
भाकियू (भानु) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने बताया कि उनके संगठन के पदाधिकारी उपेंद्र यादव एडवोकेट के संबंधियों की जमीन को लेकर वन विभाग से विवाद चल रहा है। इसी मामले को लेकर वह एसडीएम से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि जमीन से जुड़े सभी साक्ष्य प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कर दिए गए हैं और उन्हें उम्मीद है कि प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई करेगा। इस दौरान ठाकुर भानु प्रताप सिंह ने सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सिकंदराराऊ में हापुड़ जाते समय उनके कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस की झड़प हुई थी । जिसके बाद पुलिस द्वारा उनके बेटे समेत 25 नामजद और करीब 200 अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया ।
उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि सरकार और पुलिस प्रशासन मुकदमा वापस नहीं लेते हैं तो देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। लखनऊ से लेकर दिल्ली तक बड़े स्तर पर प्रदर्शन होंगे। उन्होंने कहा, “हम लोग पहले हाथ जोड़कर निवेदन करते हैं, लेकिन जब हमारी बात नहीं सुनी जाती तो फिर महाभारत करने से भी पीछे नहीं हटते।” अपने बेटे पर दर्ज मुकदमे को लेकर भी उन्होंने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि उनका बेटा शांतिपूर्ण तरीके से हापुड़ एसपी से मिलने जा रहा था, लेकिन पुलिस ने जबरन रोकने का प्रयास किया और झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया। उन्होंने पुलिस के उस आरोप को भी खारिज किया ,जिसमें कार्यकर्ताओं द्वारा पुलिस पर वाहन चढ़ाने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि पुलिस चलते हुए काफिले के आगे जबरदस्ती आएगी तो क्या होगा।
इस दौरान संगठन के कई कार्यकर्ता, अधिवक्ता और समर्थक तहसील परिसर में मौजूद रहे।









