अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में सासनी-जलेसर रोड स्थित किशनगढ़ी के केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) में महिला सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने ग्रामीण महिलाओं को बैंकिंग सुरक्षा और सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर सशक्त बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का आयोजन आरसेटी के ट्रेनिंग को-ऑडिटर एन.के. सेंगर के दिशा-निर्देशन में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम) राजीव कुमार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के दौर में महिलाओं का आर्थिक रूप से साक्षर होना अनिवार्य है। बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के लिए सुरक्षा मानकों को अपनाना और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनना ही महिला दिवस की सार्थकता है। इस अवसर पर सीएफएल सेंटर से सीबीओ एकता भारद्वाज और सेंटर मैनेजर मधुबाला ने डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग के गुर सिखाए। कार्यक्रम में सिकंदराराऊ से पिंटू कुमार, मुरसान से फील्ड को-ऑर्डिनेटर सोनिया, सादाबाद से एमी देवी और डीईओ रश्मि सहित कई अन्य महिलाएं और क्षेत्र की ग्रामीण महिलाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।











