रालोद व भाजपा नेता पहुंचेःअधिकारियों से की वार्ताःकार्यवाही की मांग

हाथरस-9 फरवरी। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव नगला सिंघीं में अज्ञात शरारती तत्वों ने भारत रत्न बाबा साहब डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। अराजक तत्वों ने प्रतिमा पर कीचड़ भी लगाई, जिससे इलाके में तनाव व आक्रोश व्याप्त हो गया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अंबेडकर अनुयायी मौके पर पहुँच गए।
बताया जाता है गांव नगला सिंघी में प्रतिमा स्थल के आसपास कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण किए जाने का भी आरोप है। वहां तीखी नोक-झोंक हुई, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। घटनास्थल पर भाजपा के वरिष्ठ नेता रामवीर सिंह भैयाजी और राष्ट्रीय लोकदल के वरिष्ठ नेता एवं जिला महासचिव बंटी भैया सहित कई अन्य नेता भी पहुंच गये। सूचना मिलने पर उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर और हाथरस गेट कोतवाली निरीक्षक अरविंद राठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये।
इस दौरान अधिकारियों ने अंबेडकर अनुयायियों को आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त प्रतिमा के स्थान पर नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि स्थल की साफ-सफाई की जाएगी और वहां से अतिक्रमण हटाया जाएगा। शरारती तत्वों के खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। आश्वासन के बाद ही अनुयायी शांत हुए।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बंटी भैया ने अधिकारियों से वार्ता कर अंबेडकर पार्क पर से अवैध अतिक्रमण हटवाया। उन्होंने उपजिलाधिकारी सदर से मौके पर खड़े होकर वार्ता कर मूर्ति को ठीक कराया और साफ सफाई कराई। इस दौरान भारी अंबेडकर अनुयायियों का जमावडा रहा। वह बाबा साहब अमर रहे के नारे लगा रहे थे। अनुयायियों को समझाते हुए बंटी भैया ने बाबा साहब की बाउंड्री की समस्त व्यवस्था करने के लिए अधिकारियों से मांग रखी और अवैध अतिक्रमण हटवाने के लिए कहा। उल्लेखनीय है कि पिछले 20 वर्षों से यह मूर्ति दलदल और गड्ढे में फंसी थी। इसको पिछले वर्ष अंबेडकर जयंती से सही 2 दिन पहले राष्ट्रीय लोकदल के जिला महासचिव बंटी भैया ने अधिकारियों के साथ मिलकर कब्जा मुक्त कराकर मिटटी डलवा कर सही कराया था और ससम्मान माल्यार्पण किया था। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता रामवीर सिंह भैयाजी, डा. आरसी गोला, अभिषेक सोलंकी, अमन सिंह, नरेश कुमार, सौरव गौतम, पंकज गौतम, दिलीप कुमार ,महेश कुमार, अमन सिंह, कृष्ण कुमार और क्षेत्रीय लेखपाल, इंस्पेक्टर आदि मौजूद थे।









