बिटिया के सपनों को मिला समाज का सहारा


हाथरस-2 फरवरी। कभी-कभी किसी की छोटी-सी सहायता किसी के पूरे जीवन की सबसे बड़ी खुशी बन जाती है। ऐसा ही एक भावुक एवं प्रेरणादायक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब निःस्वार्थ सेवा संस्थान ने एक जरूरतमंद बिटिया के विवाह में कन्यादान कर उसके सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
निःस्वार्थ सेवा संस्थान की इस मानवीय पहल ने यह सिद्ध कर दिया कि सेवा केवल शब्दों तक सीमित नहीं, बल्कि कर्म में उतरने का नाम है। संस्थान परिवार की ओर से बिटिया के विवाह हेतु आवश्यक गृहस्थी एवं श्रृंगार का संपूर्ण सामान कन्यादान स्वरूप प्रदान किया गया। जिसमें 5 साड़ियाँ, 2 आर्टिफिशियल ज्वैलरी सेट, 1 आर्टिफिशियल अंगूठी, 2 जोड़ी स्लीपर शामिल थीं। इसके अतिरिक्त गृहस्थ जीवन के लिए मिक्सी, प्रेस, टी-कैटल, कुकर, डाइनिंग सेट, डिनर सेट, 6 पीस बोतल सेट, टी-शुगर सेट, 3 पीस कैसरोल सेट, मिल्टन बोतल, 12 लीटर का वाटर कूलर, एक पंखा एवं बाथरूम सेट भी प्रदान किया गया। जब यह समस्त सामग्री बिटिया और उसके परिवार को सौंपी गई, तो उनकी आँखों में खुशी के आँसू छलक आए। भावुक होते हुए बिटिया के पिता ने कहा संस्थान ने जो किया है, उसका ऋण हम कभी नहीं चुका पाएंगे। कार्यक्रम के दौरान बिटिया एवं उसके परिवारजनों को निःस्वार्थ सेवा संस्थान का प्रतीक-चिह्न भेंट कर तथा पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर अध्यक्ष सुनील अग्रवाल, समन्वयक चंद्रप्रकाश अग्रवाल, सह-सचिव निष्कर्ष गर्ग, सतेंद्र मोहन, विशाल सोनी, सुनील कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment