
सिकंदराराऊ। कस्बे की राधा नगर कॉलोनी में स्थित कानपुर हाइवे का निर्माण करने वाली कारदायी संस्था बृज गोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी के कैंप कार्यालय पर मथुरा से आई जीएसटी विभाग की टीम ने छापेमारी की। छापेमार कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
बतादे कि कानपुर हाइवे का निर्माण करने वाली कारदायी संस्था बृज गोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी का ऑफिस राधा नगर में है। गुरूवार को मथुरा से आई जीएसटी विभाग के डिप्टी कमिश्नर दीपक कुमार ने टीम के साथ बृज गोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी के ऑफिस पर छापेमारी की । इस दौरान टीम को ऑफिस पर कंपनी का कोई अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। केवल एक गार्ड तैनात मिला, जिससे अधिकारियों ने पूछताछ की और बाद में उसे अपने साथ ले गए।
छापेमारी के दौरान टीम ने कार्यालय में मौजूद जीएसटी से संबंधित दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की गहन जांच पड़ताल की। जीएसटी विभाग की टीम करीब एक घंटे तक कार्यालय पर रुकी और कई महत्वपूर्ण कागजात खंगाले। टीम ने कुछ दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। हालांकि, विभाग की ओर से अभी तक आधिकारिक रूप से किसी प्रकार की कर चोरी या अनियमितता की पुष्टि नहीं की गई है।









