चलती कर स्कॉर्पियो कार का निकला पहिया, अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चल रहे दो युवकों को रौंदा

हादसे में एक युवक की हुई मौत, दूसरा गंभीर,रेफर

सिकंदराराऊ । एनएच 34 के एटा रोड स्थित गांव टोली के निकट बीती रात एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो कार का चलते समय अचानक पहिया निकल गया। पहिया निकलने से कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार कर रॉन्ग साइड में चली गई। इस दौरान सड़क किनारे चल रहे दो लोगों को टक्कर मार दी । हादसे में एक युवक की मौत हो गई ,जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आनन फानन में घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से चिकित्सकों ने उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया । सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। घटना में कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने कार सवार तीनों युवकों को अपनी हिरासत में लिया है।
बताया जाता है कि गुरुवार की रात्रि 9:30 बजे करीब एक स्कॉर्पियो कार एटा की ओर जा रही थी । जैसे ही कार गांव टोली के समीप पहुंची । तभी चलती कार का अचानक पहिया निकल गया। पहिया निकलने से कार अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार कर रॉन्ग साइड में चली गई । इस दौरान वहां सड़क किनारे चल रहे धर्मेंद्र पुत्र रामवीर उम्र 30 वर्ष निवासी गांव नगला चीला थाना सिकंदराराऊ व उसके गांव के ही सुनील कुमार पुत्र राजबहादुर को टक्कर मार दी । हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई । आनन फानन में घायल धर्मेंद्र को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल हुए सुनील कुमार को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया । जहां से हालत गंभीर होने पर उसे चिकित्सकों द्वारा अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। घटना में स्कॉर्पियो कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना पर पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क किनारे हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। बताया यह भी जाता है कि स्कॉर्पियो में तीन युवक सवार थे, जो दिल्ली के सोनिया बिहार के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों युवकों को हिरासत में लिया है । घटना की सूचना पुलिस ने मृतक के परिजनों को दी। सूचना पाकर धर्मेंद्र के परिजनों में चीत्कार मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। मृतक धर्मेंद्र के पिता ने बताया कि उनका पुत्र मक्का में पानी लगाकर गांव के ही सुनील कुमार के साथ खेत से घर लौट रहा था। मृतक धर्मेंद्र के पिता रामवीर पुत्र पातीराम ने अज्ञात स्कार्पियो चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। धर्मेंद्र की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment