सहकारी बैंक परिसर में अवैध रूप से लगाया जा रहा साप्ताहिक बाजार

सिकन्द्राराऊ- 10 जनवरी। कस्बा के मौहल्ला रोशनगंज स्थित सहकारी क्रय-विक्रय समिति एवं सहकारी बैंक के परिसर में शनिवार को अवैध रूप से साप्ताहिक बाजार लगाया जा रहा है। बिना किसी प्रशासनिक अनुमति के लग रहे इस बाजार में खरीदारी को भारी भीड़ उमड़ रही है । जबकि इस बाजार में सुरक्षा व्यवस्था का पूरी तरह से अभाव है। सुरक्षा इंतजाम न होने के कारण किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। शनिवार बाजार में महिलाओ के दो गुट आपस में भिड़ गए ।।
बतादें कि गत दो माह से अज्ञात लोगों द्वारा इस परिसर में प्रत्येक शनिवार को साप्ताहिक बाजार लगाया जा रहा है। बाजार में रोजमर्रा के सामान के साथ-साथ गर्म कपड़े, घरेलू उपयोग की वस्तुएं आदि बेची जा रही हैं। सुबह करीब 10 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक यहां लोगों की भारी भीड़ जुटती है। सीमित स्थान होने के बावजूद बड़ी संख्या में दुकाने लगाए जाने से अफरा-तफरी का माहौल बना रहता है। भीड़ अधिक होने के कारण बाजार क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है । जिससे आसपास के लोगों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि अवैध बाजार के चलते उनका व्यापार भी प्रभावित हो रहा है और सड़क पर जाम लगने से ग्राहकों को आने-जाने में दिक्कत होती है।
शनिवार को बाजार में खरीदारी के दौरान महिलाओं के दो गुटों में सामान को लेकर कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। हालांकि किसी तरह मामला शांत कराया गया ,लेकिन इससे बाजार में अव्यवस्था और सुरक्षा की कमी साफ तौर पर सामने आ गई। कुछ दिन पूर्व उपजिलाधिकारी द्वारा इस बाजार को हटाने के निर्देश भी दिए गए थे। किंतु पुलिस द्वारा अभी तक इस बाजार को नही हटवाया गया है।। इस संबंध में उपजिलाधिकारी संजय कुमार ने बताया कि सहकारी क्रय-विक्रय समिति परिसर में साप्ताहिक बाजार लगाने की कोई प्रशासनिक अनुमति नहीं ली गई है। यह आयोजन पूरी तरह से गैरकानूनी है। उन्होंने बताया कि कोतवाली पुलिस को बाजार का आयोजन बंद कराने के लिए पत्र लिख दिया गया है और शीघ्र ही आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment