
हाथरस-6 फरवरी। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव लहरा निवासी सेना के जवान उमेश कुमार (37 वर्ष ) का जम्मू-कश्मीर के राजौरी में हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनका पार्थिव शरीर आज गांव लाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
गांव लहरा निवासी शांति स्वरूप के पुत्र उमेश कुमार का निधन परसों रात हार्ट अटैक आ जाने के कारण हो गया था। उनके परिवार को कल सुबह सूचना मिली, जिसके बाद कुछ परिजन जम्मू-कश्मीर के लिये रवाना हो गए। मृतक उमेश कुमार अपने पीछे पत्नी और तीन छोटी बच्चियों को छोड़ गए हैं।आज जब उनका पार्थिव शरीर तिरंगे में लिपटा हुआ गांव पहुंचा, तो पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आसपास के लोग भी अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़े। अंतिम संस्कार से पूर्व उप जिलाधिकारी सदर राजबहादुर ने उनके पार्थिव शव पर पुष्पांजलि अर्पित की। पुलिस की टुकड़ी ने शोक शस्त्र की रस्म अदा कर जवान को अंतिम सलामी दी। इस दौरान भारत माता की जय और उमेश कुमार अमर रहे के नारे भी लगाए गए।









