सासनी क्षेत्र के गांव नदौना निवासी रूपेश उपाध्याय को भारतीय जनता पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें अतरौली विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी बनाया गया है। उनके इस महत्वपूर्ण दायित्व मिलने से उनके पैतृक गांव नदौना सहित पूरे हाथरस और अतरौली क्षेत्र में खुशी का माहौल है। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके आवास पर पहुंचकर उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर और मिठाई खिलाकर बधाई दी।
बता दें कि रूपेश उपाध्याय संगठन में अपनी निष्ठा, सक्रियता और मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते हैं। वह इससे पहले हाथरस जिले में दो बार जिला महामंत्री के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सांगठनिक कार्यों में उनका लंबा और सक्रिय अनुभव रहा है, जिसे देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें अतरौली जैसी महत्वपूर्ण विधानसभा सीट की कमान सौंपी है। अतरौली विधानसभा के प्रभारी बनाए जाने के अलावा पार्टी ने अन्य नेताओं को भी अहम जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इसके तहत श्रीमान हरीशंकर राना को अलीगढ़ शहर विधानसभा का और श्रीमान कप्तान सिंह ठैनुंआ को खेरागढ़ विधानसभा का प्रभारी बनाया गया है। इन सभी नियुक्तियों से पार्टी का सांगठनिक ढांचा और अधिक मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है। दूरभाष पर रूपेश उपाध्याय ने बताया कि पार्टी ने जो विश्वास उन पर जताया है, वे उस पर पूरी तरह खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि वह सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर अतरौली विधानसभा क्षेत्र में पार्टी संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे तथा आगामी योजनाओं और नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे।










