बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से अभद्र सामग्री परोसने और पुतला दहन करने वाले असामाजिक तत्वों पर कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर बागेश्वर धाम के अनुयायियों ने प्रशासन को एक ज्ञापन सौंपा है।
गुरूवार को सिद्धपीठ श्री बागेश्वरधाम वानर सेना शिष्य मंडल सासनी हाथरस मथुरा के बैनरतले दिए ज्ञापन में कहा है कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ मानव कल्याण के लिए निराश्रित कन्याओं के विवाह, पर्यावरण संरक्षण, सनातन गुरुकुल की स्थापना, कैंसर अस्पताल का निर्माण और प्रतिदिन अन्नपूर्णा भंडारा जैसे तमाम पुनीत कार्य कर रहे हैं। हाल ही में एक कथा प्रसंग के दौरान भगवान कृष्ण और भक्तों के संबंधों को लेकर दिए गए प्रसंग पर जब आपत्ति सामने आई, तो आचार्य ने सोशल मीडिया के माध्यम से सार्वजनिक रूप से क्षमा भी मांग ली थी। ज्ञापनदाताओं का आरोप है कि सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के बावजूद कुछ लोगों द्वारा सोशल मीडिया और सड़कों पर लगातार अपशब्दों का प्रयोग किया जा रहा है और पुतले फूंके जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र में सामाजिक समरसता बिगड़ने का अंदेशा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रदर्शनों के दौरान अशोभनीय भाषा के प्रयोग पर कड़ी रोक लगाई जाए और पुतला दहन करने वाले कथित व्यक्तियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में शालिनी, विनीत सनातनी, मनवीर सिंह, भूपेन्द्र, नमन, शिवराम पाठक, मोनिका, मनीष, हर्ष पाठक, अवि जाट, मयंक ठाकुर, पायल, राखी, मुस्कान, रानी कुमारी, देव कुमार, गोविंद कुमार, विकास कुशवाहा, सपना कुमारी, अंजली, सुनीता सिंह आदि मौजूद थे।










