चार वर्षीय लापता मामूस बच्ची का शव नहर के पास बोरे में मिला बंद,मची सनसनी:9 नवम्बर की शाम को घर से खेलने को निकली थी मासूम बच्ची

सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव कोंडरा जहांगीरपुर में चार दिनों से लापता एक चार वर्षीय मासूम बच्ची का शव गुरुवार की सुबह नहर के पास एक बोरे में बंद मिला। जिससे क्षेत्र में सनसनी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतका बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया ।
गांव कोंडरा जहांगीरपुर निवासी शिशु पाल की चार वर्षीय पुत्री ममता 9 नवंबर की शाम 4 बजे करीब अपने घर से खेलने को बाहर निकली थी। देर शाम तक बच्ची घर नहीं पहुंची। अचानक बच्ची लापता हो गई। परिजनों ने संभावित स्थानों पर बच्ची को काफी तलाश किया किंतु उसका कोई सुराग नहीं लगा।

परिजनों द्वारा कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस तभी से बच्ची की तलाश में जुटी हुई थी। गुरुवार की सुबह कुछ ग्रामीण जब नहर की तरफ गए, तो उन्हें वहां पड़े एक बोरे से तेज दुर्गंध आती महसूस हुई। शक होने पर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरा खुलवाया, तो उसके अंदर ममता का शव बरामद हुआ। बच्ची का शव मिलते ही क्षेत्र में खलबली मच गई और मौके पर ग्रामीण एवं परिजन भी पहुंच गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा फॉरेंसिक एवं डॉग स्क्वायड टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जहां उन्होंने एवं फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम ने घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। ममता अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके परिवार में अब एक छोटी बहन और महज तीन माह का एक छोटा भाई है। परिवार अभी चार माह पूर्व हुए सदमे से उबर भी नहीं पाया था, जब ममता के पिता शिशुपाल सिंह की अकराबाद इलाके में एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। परिजनों ने बच्ची की हत्या किए जाने की आंशका जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने परिजनों के शक एवं बयान के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लिया है। पुलिस आरोपियों से कड़ी पूछताछ करने में जुट गई है। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल एहतियात के तौर पर गांव और घटनास्थल पर
पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच करने में जुटी हुई है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment