
सासनी-11 नवंबर।। कोतवाली क्षेत्र के इगलास रोड स्थित टायर फैक्ट्री के पास से मंगलवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक ग्रामीण के घेर को निशाना बनाते हुए दीवार काटकर कीमती भैंस चोरी कर ली। चोर भैंस के छोटे बच्चे को मौके पर ही छोड़ गए। सुबह जब पशुपालक घेर में चारा डालने पहुंचा, तो घटना की जानकारी हुई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।
बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार, नगला गढ़ूं निवासी मोहित पाठक के पशु इगलास रोड पर खेत में बने घेर में बंधते हैं। मोहित पाठक ने बताया कि उनके पशु पिछले करीब 70 सालों से इसी स्थान पर बंधते आ रहे हैं। मंगलवार की शाम वह रोजाना की भांति पशुओं को चारा-पानी देकर अपने घर चले गए थे। बुधवार सुबह जब वह दोबारा चारा डालने घेर में पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घेर की कटी हुई दीवार और अंदर बंधी अन्य मवेशियों के बीच से उनकी मुख्य भैंस गायब थी, जबकि उसका बच्चा वहीं बंधा मिला। पीड़ित के अनुसार चोरी गई भैंस की कीमत करीब एक लाख साठ हजार रुपये है। घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। इसके बाद पीड़ित पशुपालक ने सासनी कोतवाली में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है।











