सासनी क्षेत्र के गांव चन्दैया निवासी 19 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मंगलवार को गमगीन माहौल में युवक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव चन्दैया निवासी मोहित पुत्र भाई अपने साथी तन्ना के साथ किसी काम से महौ के निकट स्थित गांव मोहब्बतपुरा में अपनी मौसी के यहां गया था। सोमवार देर शाम दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के जलेसर रोड पर हाजीपुर के निकट पहुंची, तभी सामने से आ रही अन्य बाइकों से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहित की उपचार को लेजाने से पूर्व ही मौत हो गई, जबकि हादसे में अन्य बाइक सवार भी घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। युवक की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध है। 











