शॉर्ट सर्किट से एग्रीकल्चर वर्कशॉप में लगी आग, मची खलबली आग की चपेट में आकर लाखों का सामान जलकर हुआ खाक

सिकंदराराऊ। अलीगढ़ रोड स्थित राधा नगर कॉलोनी के निकट बीती रात दीक्षित एग्रीकल्चर वर्कशॉप में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग की चपेट में जाकर दुकान में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। दुकान के ऊपर किराए पर रह रहे परिवार का सामान भी जल गया।


बताया जाता है कि अलीगढ़ रोड स्थित राधा नगर कॉलोनी के पास नरेंद्र कुमार दीक्षित की दीक्षित एग्रीकल्चर वर्कशॉप के नाम से दुकान है। दुकान स्वामी अपने परिवार के साथ दुकान के पीछे बने मकान में रहते हैं। रोज की भांति दुकान स्वामी ने सोमवार की रात्रि को भी अपनी दुकान बंद की और अपने घर चले गए। सोमवार की रात्रि को दुकान में शॉर्ट सर्किट के चलते आग लग गई। वर्कशॉप से धुआं उठता देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ एकत्रित हो गई। शटर खोलकर देखा तो अंदर रखा सामान धू-धू कर जल रहा था। आग इतनी भीषण थी कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment