सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को ट्यूशन पढ़ा रहे एक शिक्षक ने 13 वर्षीय छात्रा को कमरे में ले जाकर बंद कर उसके साथ अश्लील हरकत कर दी। छात्रा के शोरगुल करने पर आरोपी शिक्षक भाग जाने में सफल रहा । पीड़िता के परिजनों ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव निवासी पीड़िता छात्रा के परिजन द्वारा दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा गया है कि शिक्षक चंद्र प्रकाश पुत्र दुर्जन सिंह बच्चों को एकत्रित करके ट्यूशन पढ़ाता है। गुरुवार की सुबह वह 13 वर्षीय छात्रा को ट्यूशन पढ़ा रहा था। तभी वह छात्रा को बहला कर अपने साथ कमरे में ले गया। कमरा बंद कर आरोपी शिक्षक छात्रा के साथ अश्लील हरकतें करने लगा। छात्रा ने जब शोर गुल किया तो चीख पुकार सुनकर उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। जहां अन्य बच्चे पढ़ रहे थे उन्होंने भी शोर मचाना शुरू कर दिया। आरोपी शिक्षक ने जब अपने आपको घिरते हुए देखा तो वह मौके से भाग निकला। कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी अध्यापक चंद्र प्रकाश पुत्र दुर्जन सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चौकी बाजिदपुर पुलिस ने जब आरोपी के घर पर छापा मारा गया। इस दौरान वह घर से गायब मिला है। आरोपी की तलाश जारी है









