सासनी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहे पैथोलॉजी सेंटरों और झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए अभियान तेज कर दिया है। विभाग की लगातार चल रही छापेमारी और सीलिंग की कार्रवाई से अवैध संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। कार्रवाई के डर से कई लैब और क्लीनिक संचालक अपनी दुकानों पर ताले लगाकर फरार हो गए हैं।
सोमवार देर शाम भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्षेत्र में दो अवैध पैथोलॉजी लैबों को सील किया था। इसी क्रम में मंगलवार दोपहर करीब दो बजे हाथरस के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. वेद प्रकाश के निर्देशन में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसीएमओ) डॉ. मधुर कुमार ने समामई स्थित इंद्रा पैथोलॉजी लैब पर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीम ने मौके पर मौजूद दस्तावेजों की गहनता से जांच की, जिसमें यह पैथोलॉजी लैब पूरी तरह से अपंजीकृत पाई गई। इसके अलावा, लैब से बरामद अभिलेखों से यह भी खुलासा हुआ कि वहां बिना किसी वैध अनुमति के अनाधिकृत रूप से चिकित्सकीय कार्य भी किया जा रहा था। नियमों के उल्लंघन और अवैध संचालन की पुष्टि होने पर एसीएमओ डॉ. मधुर कुमार ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करते हुए मौके पर ही लैब को सील कर दिया। इस कार्रवाई के दौरान सासनी सीएचसी प्रभारी (एमओआईसी) डॉ. पंकज कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।
सासनी में स्वास्थ्य विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी








