कोतवाली पुलिस ने गश्त के दौरान लाहौर्रा पुलिया के पास से एक संदिग्ध युवक को अवैध छुरा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की नीयत से वहां घूम रहा था और पहले भी जेल जा चुका है।
मंगलवार को पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार की देर शाम एसआई रामनरेश अपने हमराह कांस्टेबिल अजय कुमार और मोहित चैधरी के साथ मय पुलिस बल के क्षेत्र में गश्त और तलाश वारंटी के लिए मामूर थे। तभी उन्हें मुखबिर खास ने सूचना दी कि नीले रंग की जींस और चेकदार शर्ट पहने एक शातिर किस्म का लड़का लहौर्रा गांव की पुलिया के पास खड़ा है, जिसके पास अवैध छुरा है और वह किसी बड़ी चोरी की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसआई ने मय फोर्स के मुखबिर के बताए स्थान की ओर कूच कर दिया। जैसे पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां खडा युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। तब पुलिस ने भी दौड लगाकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए मुस्तैद पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर दबोच लिया। युवक को पकडकर पुलिस कोतवाली ले आई। जहां उसकी जामा तलाशी में पुलिस ने उसकी जींस की दाहिनी तरफ से एक अवैध छुरा बरामद हुआ, जिसकी कुल लंबाई करीब 1 बालिग 6 अंगुल थी। पूछताछ में आरोपी ने कोई वैध लाइसेंस या अनुमति प्रस्तुत नहीं की और अपनी गलती मानते हुए कबूला कि वह पूर्व में भी जेल जा चुका है तथा अपनी सुरक्षा व आपराधिक गतिविधियों के लिए छुरा रखता है। पकड़े गए युवक ने पुलिस को पूछताछ में अपना नाम आशा उर्फ आषाद पुत्र निसार उर्फ निसारुद्दीन, निवासी नया बिजली घर, उम्र करीब 22 वर्ष बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की है।
लाहौर्रा पुलिया के पास से अवैध छुरा के साथ शातिर गिरफ्तार, चोरी की फिराक में था आरोपी








