लखनऊ।निराला नगर लखनऊ स्थित जेसी गेस्ट हाउस में भव्य क्षत्रिय समागम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ब्रज की धरा से पहुंचे उपभोक्ता कल्याण परिषद समिति के नेशनल सेक्रेटरी राजेश सिसोदिया तथा मंचासीन अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रनसिंह सिसोदिया ने ब्रजराज दाऊबाबा की वंदना प्रस्तुत कर अतिथियों एवं क्षत्रिय समाज के लोगों का भावपूर्ण स्वागत किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एसआर ग्रुप के चेयरमैन एवं सीतापुर के एमएलसी पवन सिंह चौहान उपस्थित थे। इसके साथ ही प्रदेश अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह, कानपुर से परियोजना निदेशक अनुरुद्ध सिंह चौहान थे।समागम में वक्ताओं ने क्षत्रिय समाज के गौरवशाली इतिहास, शौर्य, पराक्रम और राष्ट्र के प्रति समर्पण पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि क्षत्रिय समाज ने सदैव अपने समाज, राष्ट्र और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। वर्तमान समय में समाज को एकजुट होकर संगठित रहने की आवश्यकता है। राजेश सिसोदिया ने अपने सम्बोधन में बताया कि हम और आप सभी उपभोक्ता हैं। हमें कदम कदम पर जागरूक रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि बाजार में खाद्य पदार्थो एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं में मिलावटखोरी उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य और आर्थिक हितों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। मिलावट खोरी करने वाले लोगों के खिलाफ संबंधित विभागों को सख्त कार्यवाही करनी चाहिए, ताकि आम जनता को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सामान उपलब्ध हो सके।
वक्ताओं ने युवाओं को शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ अपने गौरवशाली इतिहास और संस्कारों से परिचित कराना भी आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों को समझ सकें।कार्यक्रम का कुशल संचालन अधिवक्ता एवं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष श्रीमती ज्योति सिंह राणा ने किया। वहीं कार्यक्रम की संपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र सिंह राणा ने संभाली।











