घर में लगी भीषण आग: लाखों का ग्रहस्थी का सामान जला

सादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव मढ़नई में सोमवार रात बिजली के शॉर्ट सर्किट से एक मकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें और धुएं का गुबार देख गांव में अफरा तफरी मच गई।सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में घर में रखा कीमती सामान, नकदी और पूरी गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। परिवार को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।

बताया जाता है कोतवाली क्षेत्र के गांव मढ़नई निवासी सुरेश बघेल के मकान में सोमवार रात अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। लेकिन कुछ ही देर में आग तेजी से फैलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि परिवार के सदस्यों को घर में रखा सामान बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिला। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।

पीड़ित सुरेश बघेल ने बताया कि उन्होंने करीब दो महीने पहले ही अपनी गृहस्थी के लिए नया कूलर, फ्रिज, बेड और ड्रेसिंग टेबल खरीदी थी। सर्दी के मौसम को देखते हुए परिवार के लिए बड़ी संख्या में गर्म कपड़े भी खरीदे थे। आग में ये सभी सामान जलकर राख हो गए। इसके अलावा कमरे के दरवाजे, अन्य घरेलू सामान और घर में रखी नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई।सुरेश बघेल ने बड़ी मुश्किल से मेहनत की कमाई से गृहस्थी का सामान जुटाया था। आग ने कुछ ही घंटों में उनकी वर्षों की मेहनत पर पानी फेर दिया। अब परिवार के सामने दोबारा जरूरी सामान जुटाने का संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment