संयुक्त उ.प्र.उद्योग व्यापार मंडल ने पुलिस कप्तान से की राहत व पास जारी करने की मांग
हाथरस।शहर के मुख्य बाजारों में खाद्य पदार्थों की आपूर्ति हेतु गोदामों से माल लाने वाले छोटे मालवाहक वाहनों (टिर्री/लोडर) को प्रवेश की अनुमति प्रदान करने को संयुक्त उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापकों ने पुलिस कप्तान को पत्र भेजकर समस्या समाधान की मांग की है।
संयुक्त उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापक राजीव वार्ष्णेय एवं संस्थापक कन्हैया वार्ष्णेय द्वारा पुलिस कप्तान को पत्र भेजकर कहा गया है कि शहर के व्यापारियों की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और दैनिक व्यापार से जुड़ी व्यावहारिक समस्या गम्भीर हैं। नगर के मुख्य बाजारों में खाद्य पदार्थों एवं किराना आदि की अनेक दुकानें स्थित हैं। शहर में भीड़भाड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के उद्देश्य से इन दुकानों के अधिकांश गोदाम व्यापारियों द्वारा शहर की सीमा से बाहर बनाए गए हैं।
पत्र में दोनों व्यापारी नेताओं ने कहा है कि वर्तमान में मुख्य बाजारों में मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर लगी रोक (नो-एंट्री) के कारण व्यापारियों को शहर के बाहर स्थित अपने गोदामों से दुकानों तक खाद्य सामग्री लाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानों पर समय से माल न पहुँच पाने के कारण न केवल व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि आम जनता के लिए भी आवश्यक खाद्य वस्तुओं की सुचारू आपूर्ति बाधित हो रही है।
संयुक्त उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संस्थापक राजीव वार्ष्णेय एवं कन्हैया वार्ष्णेय के नेतृत्व में व्यापारियों ने पुलिस कप्तान से मांग करते हुए कहा है कि गोदामों से मुख्य बाजार की दुकानों तक खाद्य पदार्थ ढोने वाले छोटे मालवाहक वाहनों (विशेषकर टिर्री / ई-लोडर / टेम्पो) को शहर के मुख्य बाजारों में माल लाने और ले जाने के लिए विशेष अनुमति (पास) उपलब्ध कराये जाए।
जिन खाद्य पदार्थों की दुकानों के गोदाम शहर से बाहर हैं, उन्हें अपनी दुकानों तक माल लाने के लिए इन वाहनों के संचालन की बाधा रहित छूट दी जाए, ताकि आपूर्ति श्रृंखला सुचारू बनी रहे।
अनुरोध है कि व्यापारियों की इस समस्या पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए यातायात पुलिस एवं संबंधित विभागों को निर्देशित करें, जिससे व्यापारियों को व्यापार करने में सुगमता हो और शहर की आर्थिक गतिविधियां निर्बाध रूप से चल सकें।व्यापार मंडल सदैव पुलिस-प्रशासन के साथ सहयोग करने के लिए तत्पर है।











