हाथरस।नगर पालिका परिषद में कार्यरत समस्त आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित श्रमिक दरों के अनुसार वेतन दिलाने एवं दीपावली का बोनस दिलाए जाने की मांग को लेकर आज आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों द्वारा पालिका अध्यक्ष एवं नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा गया है।
अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पालिका परिषद में विभिन्न वार्डों एवं क्षेत्रों में बड़ी संख्या में आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारी पूरी निष्ठा एवं मेहनत के साथ सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने का कार्य कर रहे हैं। इन कर्मचारियों की शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका है।
ज्ञापन में सफाई कर्मचारियों द्वारा कहा गया है कि खेद के साथ अवगत करा रहे है कि आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित श्रमिक दरों के अनुरूप वेतन एवं अन्य देय सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। महंगाई के इस दौर में कम वेतन मिलने के कारण कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, इसके अतिरिक्त दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर भी सफाई कर्मचारियों को बोनस का लाभ मिलना चाहिए, ताकि वे अपने परिवार के साथ त्योहार की खुशियां मना सकें। सफाई कर्मचारी पूरे वर्ष शहर की स्वच्छता के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं, इसलिए उनके श्रम और योगदान को देखते हुए उन्हें त्योहार पर बोनस दिया जाना न्यायसंगत है।
उन्होंने मांग करते हुए कहा है कि नगर पालिका परिषद में कार्यरत सभी आउटसोर्सिंग सफाई कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित श्रमिक दरों के अनुसार वेतन दिलाया जाए और सभी कर्मचारियों को दीपावली का बोनस दिलाया जाए तथा कर्मचारियों के वेतन एवं बोनस भुगतान में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर उचित कार्यवाही की जाए। सफाई कर्मचारियों की आर्थिक एवं पारिवारिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाये।











