ट्रैक्टर ने बाइक में मारी टक्कर,युवक घायल
सिकंदराराऊ । पुरदिलनगर मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के निकट एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई ।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।
बताया जाता है कि कन्नौज निवासी 27 वर्षीय रुद्र प्रताप सिंह गुरुवार की शाम को पुरदिलनगर की ओर से आ रहे थे। जैसे ही वह पेट्रोल पंप के पास पहुंचे । तभी सिकंदराराऊ की ओर से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक की ओर अचानक कट मारा। तभी अचानक बाइक के सामने स्पीड ब्रेकर आ गया । जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। बाइक सवार ने बाइक से कूदकर खुद को बचाया। इस दौरान ट्रैक्टर का पिछला पहिया बाइक के ऊपर से निकल गया। बाइक से गिरने के कारण युवक के पैर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर ट्रैक्टर समेत मौके से भाग गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया गया।









