जाऊ नहर के पास मिला लापता युवक का शव , मचा कोहराम

जाऊ नहर के पास मिला लापता युवक का शव , मचा कोहराम: करवा चौथ की शाम को बाइक पर सवार होकर निकला था युवक: करवा चौथ का पर्व होने के चलते एक दिन पूर्व घर आया था युवक

सिकंदराराऊ । करवा चौथ की शाम को बाइक पर सवार होकर घर निकले एक युवक का शव रात्रि को कोतवाली हसायन क्षेत्र के जाऊ नहर पुल के पास सड़क किनारे पड़ा मिला। शव को देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव की लोगों से शिनाख्त कराई। किंतु उसकी मौके पर कोई शिनाख्त न हो सकी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को मोर्चरी भेज दिया।

बताया जाता है कि थाना हसायन क्षेत्र के गांव नगला मियां पट्टी देवरी के निवासी 45 वर्षीय नरेश पाल पुत्र सुखबीर सिंह पेशे से वाहन चालक था। वह करवा चौथ का पर्व होने के कारण एक दिन पूर्व घर आया था। गुरुवार की शाम को वह घर से बाइक लेकर बाजार जाने के लिए निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। रात्रि तक घर न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पुलिस को उसका शव जाऊ नहर के निकट पड़ा मिला। पहचान के बाद देर रात पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दी । जिससे परिजनों में चीत्कार मच गया। परिजनों ने पहुंचकर शव की शिनाख्त की। पुलिस के मुताबिक, आशंका जताई जाती है किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

मृतक अपने पीछे चार बच्चों एवं पत्नी को रोता बिलखता छोड़ गया है। युवक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। युवक की मौत से गांव में मातम पसर गया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment