वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन को लेकर कांग्रेस नेता चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य हाउस अरेस्ट

हाथरस। वोट चोरी के खिलाफ राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी द्वारा उठाई जा रही आवाज और जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस के संघर्ष के बीच पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने आरोप लगाया है कि उन्हें आंदोलन में शामिल होने से रोकने के लिए शुक्रवार सुबह से ही हाउस अरेस्ट कर रखा गया है।
पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लगातार लोकतंत्र की रक्षा, मताधिकार की सुरक्षा तथा आम जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। वोट चोरी का मुद्दा लोकतंत्र की पारदर्शिता और जनता के मत की अहमियत से जुड़ा है। इसके साथ ही कांग्रेस छात्रों के हितों की लड़ाई भी लड़ रही है और बोर्ड परीक्षा में कथित धांधली के खिलाफ छात्रों के समर्थन में आवाज उठा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनहित के इन मुद्दों को लेकर चल रहे आंदोलन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भागीदारी रोकने के लिए उन्हें सुबह से ही घर में नजरबंद रखा गया है। उन्होंने कहा है कि लोकतंत्र में जनता के वोट की रक्षा करना और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। शांतिपूर्ण विरोध और अपनी बात रखने से किसी को रोका नहीं जाना चाहिए।


पूर्व जिलाध्यक्ष चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा है कि कांग्रेस का संघर्ष सत्ता के लिए ही नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, जन अधिकारों और छात्रों के भविष्य की रक्षा के लिए भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी एवं प्रियंका गांधी के नेतृत्व में चल रही जनहित की लड़ाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता कायम रहेगी और लोकतंत्र से जुड़े सवालों को लगातार उठाया जाता रहेगा।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment