रोटावेटर की चपेट में आकर उसका शरीर हुआ क्षत-विक्षत:गांव मुन्नापुर में हुआ हादसा

सिकंदराराऊ। कचौरा पुलिस चौकी क्षेत्र के गांव मुन्नापुर में गुरुवार की दोपहर को खेत में ट्रैक्टर से जुताई करने दौरान एक 30 वर्षीय युवक की रोटावेटर की चपेट में आकर दर्दनाक मौत हो गई। जिससे युवक का शरीर क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद खेत में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह शव को इकट्ठा किया और कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया।
बताया जाता है कि गांव मुन्नापुर निवासी 30 वर्षीय राहुल शर्मा पुत्र स्वर्गीय गिरीश चंद्र शर्मा गुरुवार की दोपहर 1 बजे करीब ट्यूबवेल की कुंडी पर पानी पी रहा था। इस दौरान शिव कुमार पुत्र रवि कुमार खेत में काम कर रहा था। वह अपने निजी ट्रैक्टर से रोटावेटर लगाकर खेत में मिट्टी समतल कर रहा था। शिव कुमार ने राहुल को आवाज देकर बुलाया। खेत में पहुंचने के बाद राहुल अचानक रोटावेटर की चपेट में आ गया। राहुल रोटावेटर में बुरी तरह फंस गया। वह उसके साथ कई चक्कर घूम गया। जिससे उसका शरीर क्षत-विक्षत हो गया । हादसे के बाद बड़ी संख्या में मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई
मृतक राहुल की ताई सत्यवती ने बताया कि राहुल पानी पी रहा था और वह आवाज देने पर खेत की ओर गया था। उसे निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना का दृश्य देखकर ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए। घटना के बाद शिवकुमार ट्रैक्टर को मौके पर छोड़कर चला गया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसके शव को रोटावेटर से निकाला और अपने क़ब्ज़े में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया । राहुल की मौत से परिजनों में चीत्कार मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।












