हाथरस। उत्तर प्रदेश राज्य कर जीएसटी कार्यालय के लिए जिला प्रशासन को पूर्व में शहर से 14 किलोमीटर दूर केवलगढ़ी स्थित भूमि का आवंटन कर दिया गया था। उद्योग व व्यापारी संगठनों को मीडिया द्वारा जानकारी मिलने पर व्यापारियों एवं उद्योगपतियों द्वारा सामूहिक प्रयासों से इसका जबरदस्त विरोध किया गया।

व्यापारी संगठनों का कहना था कि जीएसटी कार्यालय शहर के निकट होना चाहिए,जिससे सिकन्द्राराऊ, सासनी, सादाबाद, हाथरस के सभी व्यापारियों को सुविधा हो, जिससे सभी व्यापारियों को जीएसटी कार्य हेतु आने-जाने में कोई परेशानी ना हो और व्यापारियों की मांग को ध्यान में रखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा विकल्प तलाशना शुरू किया। व्यापारी संगठनों द्वारा लखनऊ तक भाग दौड़ करके उक्त आवंटन को रुकवा कर नवीन स्थल वाटर वर्क्स नगर पालिका की भूमि का चयन जीएसटी एवं प्रशासनिक अधिकारी और व्यापार मंडल की संयुक्त टीम द्वारा मंजूरी प्रदान की गयी। जनपद के व्यापारियों की न्याय पूर्ण मांग प्रशासन द्वारा नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती श्वेता दिवाकर के प्रयासों से नगर पालिका बोर्ड की आकस्मिक बैठक बुलाकर व्यापारी हित में तत्काल प्रस्ताव पास करके जिला प्रशासन के माध्यम से शासन को भेज दिया गया और आखिरकार जनपद के कारोबारियो की मांग पर 3000 वर्ग मीटर नजूल भूमि का स्थानांतरण आवास एवं शहरी नियोजन विभाग को नजूल भूमि का हस्तांतरण जीएसटी विभाग को कर दिया गया।
उक्त संबंध में 24 अगस्त को प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद की ओर से शासनादेश जारी कर दिया गया। अब राज्य जीएसटी कार्यालय का निर्माण शहर से दूर नहीं बल्कि शहर के वाटर वर्क्स स्थित परिसर में ही कराया जाएगा, जिसमें बहुमंजिला भवन में सभी सुविधाएं उपलब्ध होगी, जिसमें जीएसटी अधिकारियों के कार्यालय, एडवोकेटो के चैम्बर,व्यापारियों उद्योगपतियों के लिए रूम, विश्राम कक्ष, स्टाफ रूम, कैंटीन, सचल दल के लिए हाल एवं अधिकारियों के आवास के अलावा मोटर वाहन स्टैंड आदि की सभी आधुनिक सुविधाएं होगी। कार्यालय के नवनिर्माण का भूमि पूजन हेतु शीघ्र ही प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सूचना जारी कर दी जाएगी।। इस अवसर पर व्यापारी नेता फेम जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने फैम के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह सोवती एवं जीएसटी विभाग उत्तर प्रदेश की प्रमुख सचिव श्रीमती कामिनी रतन चौहान, उत्तर प्रदेश जीएसटी आयुक्त नितिन बंसल, विशेष सचिव राज्य कर जीएसटी विभाग राहुल पांडेय,जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं संयुक्त आयुक्त राज्य कर जीएसटी आर.के.सिंह, उपायुक्त जीएसटी पीके गुप्ता, सहायक आयुक्त मयंक जैन, पालिका अध्यक्ष श्रीमती श्वेता चौधरी के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा,जिला महामंत्री राजेश सिंह गुड्डू भैया का जीएसटी कार्यालय में दिए गए योगदान के लिए अभिनंदन करते हुए व्यापारी हितों के लिए सभी का आभार प्रकट किया है और व्यापारियों व उद्योगपतियों में हर्ष का वातावरण बना है।









