लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज का ठेका 1.5 करोड़ में उठा: अब तैयारियां पकड़ेंगी तेजी

हाथरस। ब्रज के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक 115 वें लक्खी राजकीय मेला श्री दाऊजी महाराज महोत्सव के आयोजन की तैयारी अब तेजी पकड़ने लगेंगीं और मेला को सजाने संवारने का कार्य भी शुरू हो जाएगा, क्योंकि लक्खीमेला का तहबाजारी ठेके की नीलामी प्रक्रिया पूरी हो गई है। इस बार मेले का ठेका 1 करोड़ 5 लाख 53 हजार रुपये (105.53 लाख रुपये) में अंतिम रूप से उठा है। मेला का ठेका उठने के बाद अब मेले में लगने वाले झूले, खेल तमाशा, दुकानें आदि सजने लग जायेंगी।

ब्रज के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक लक्खी मेला प्रांतीय श्री दाऊजी महाराज महोत्सव के लिए तहबाजारी ठेका प्रक्रिया लोक निर्माण विभाग की देखरेख में हुई। वित्तीय बिड प्रक्रिया में बदायूं की याह-याह एंटरप्राइजेज फर्म ने सबसे ऊंची बोली लगाकर यह ठेका हासिल किया है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजीव कुमार वर्मा ने बताया कि ठेके की स्वीकृत राशि 105.53 लाख रुपये है। इस पर नियमानुसार 18 प्रतिशत की दर से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) अलग से देय होगा।


मेला श्री दाऊजी महाराज महोत्सव का ठेका तय होने के बाद अब मेला स्थल पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का काम तेजी से शुरू होगा। ठेकेदार फर्म मेला प्रांगण में प्लॉटों का सीमांकन, दुकानों का आवंटन, झूलों, सर्कस व मीना बाजार के लिए स्थान तय करने के साथ ही प्रकाश और सफाई जैसी प्राथमिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगी।। ब्रज के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक 115 वें प्रांतीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज महोत्सव का इस वर्ष मेले का शुभारंभ गणेश चतुर्थी 15 सितंबर एवं विधिवत उद्घाटन बलदेव देवछठ से होगा। लगभग 20 दिनों तक चलने वाले इस राज्य स्तरीय मेले में उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और मध्य प्रदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु और व्यापारी पहुंचते हैं। ठेका उठने के साथ ही अब व्यापारियों और शहरवासियों में मेले की तैयारियों और आयोजन को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। मेला का ठेका उठने के बाद अब लोगों की निगाहें मेला में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के संयोजकों की घोषणा पर टिकी हुई है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment