रक्षाबंधन का त्यौहार-मातृशक्ति को उपहार: उ.प्र. सरकार की समस्त बसों में सभी महिलाओं को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा 27 अगस्त को प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक सुविधा


रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में मातृशक्ति ने बांधी राखियां:साड़ी एवं मिष्ठान भेंटकर दीं शुभकामनाएं

हाथरस- 26 अगस्त। लोक माता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना अंतर्गत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा प्रदान करने के साथ ही रक्षाबंधन के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा माताओं, बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा में शुभारंभ के अवसर पर आज सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज में भव्य कार्यक्रम का आयोजन विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर की अध्यक्षता एवं जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा पुलिस अधीक्षक चिरंजीय नाथ सिन्हा की उपस्थिति में किया गया।इस मौके पर जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने विधायक सदर का स्वागत गुलदस्ता भेट कर किया। इसके साथ ही मंच पर जिलाध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी का स्वागत गुलदस्ता भेंट कर किया गया।

रक्षाबंधन के उपलक्ष्य पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान सदर विधायक श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने मातृशक्ति को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पवित्र पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास, अपनत्व और सुरक्षा का प्रतीक है। उन्होंने भगवान बिहारी जी से प्रार्थना की कि सभी भाई-बहनों के बीच किसी भी प्रकार का मनमुटाव समाप्त हो और वे नए सिरे से प्रेम एवं सौहार्द के साथ अपने संबंधों को मजबूत करें। मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बेटियों एवं महिलाओं के हित में अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की जा रही हैं।उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों को परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा दी गई है। साथ ही 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत बस यात्रा निःशुल्क किए जाने की व्यवस्था भी सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए सरकार एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर महिलाएं बिना संकोच अपनी बात पुलिस तक पहुंचाएं।

रक्षाबंधन एवं निःशुल्क बस यात्रा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने मातृशक्ति को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा तथा माता अहिल्याबाई होलकर योजना का शुभारंभ महिलाओं के सम्मान एवं सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कार्यक्रम में सदर विधायक, जिलाध्यक्ष का आभार व्यक्त करते हुए मातृशक्ति को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति समाज की सबसे बड़ी शक्ति है और जहां बड़ी संख्या में माताएं एवं बहनें एकत्र होती हैं, वहां की ऊर्जा एवं सकारात्मकता का अनुमान लगाया जा सकता है। जिलाधिकारी ने कहा कि ‘माता अहिल्याबाई होलकर योजना’ के बारे में सभी महिलाएं अपने समाज एवं मोहल्ले में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अवसर और समान अधिकार मिलने पर वे न केवल परिवार बल्कि कार्यालय, संस्थान और आवश्यकता पड़ने पर शासन-प्रशासन की जिम्मेदारियां भी बखूबी संभाल सकती हैं। उन्होंने माताओं से बेटियों को समान अवसर एवं बेहतर शिक्षा देने तथा घर में आने वाली बहुओं को भी सम्मान और अपनापन देने की अपील की। उन्होंने कहा कि बेटियां और बहुएं अपने परिवार और संस्कारों को छोड़कर नए परिवार में आती हैं, इसलिए उनके प्रति संवेदनशीलता, सम्मान और सहयोग का भाव रखना हम सभी का सामाजिक दायित्व है। जिलाधिकारी ने रक्षाबंधन के अवसर पर दी गई निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य हो रहा है। जनपद में महिला पुलिस बल की संख्या बढ़कर करीब 400 हो गई है तथा प्रत्येक थाने में मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाएं एवं बेटियां सुरक्षित और गोपनीय वातावरण में अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिला अपराधों में कमी आई है और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने विद्यालयों के आसपास छात्राओं की सुविधा के लिए पिंक बूथ स्थापित किए जाने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि आपकी सुरक्षा, हमारा संकल्प के साथ महिलाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी समय सहायता के लिए पुलिस 24 घंटे उपलब्ध है।

परिवहन विभाग द्वारा लोक माता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना के तहत मुख्यमंत्री ने इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान लखनऊ से शुभारंभ किया। जिसका जनपद में सजीव प्रसारण सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज आडिटोरियम में प्रदर्शित किया गया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारयों एवं लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन को देखा और सुना।

कार्यक्रम के दौरान मातृशक्ति ने निःशुल्क बस यात्रा योजना के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें यात्रा के लिए किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। वे अपने आवश्यक कार्यों के साथ-साथ तीर्थस्थलों की भी सुविधापूर्वक यात्रा कर सकेंगी। रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में मातृशक्ति ने विधायक सदर, जिला अध्यक्ष, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं मुख्य विकास अधिकारी को राखी बांधी।

इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी वित्त रराजस्व, जिला विकास अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, क्षेत्रीय प्रबंधक हाथरस एवं अतरौली, जिला कार्यक्रम अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका , ई डिस्ट्रीक मैनेजर, जनप्रतिनिधिगण, पत्रकार बंधु, 500 से अधिक लाभार्थी आदि उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment