सिकंदराराऊ। कस्बा के मोहल्ला ब्राह्मणपुरी पुरानी तहसील रोड स्थित शिशु शिक्षा मंदिर (पेड़ वाले स्कूल) के बच्चों ने गुरुवार को ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत एक भव्य तिरंगा रैली निकाली। इस रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि नोडल अधिकारी नवेद अंसारी एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। तिरंगा रैली के दौरान स्कूली बच्चे हाथों में तिरंगा थामे और देशभक्ति के गगनभेदी नारे लगाते हुए चल रहे थे । जिससे समूचा वातावरण देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। कस्बा में जहाँ-जहाँ से भी यह रैली गुजरी, लोग बच्चों के उत्साह को देखकर भावविभोर हो गए।
इस अवसर पर नोडल अधिकारी नवेद अंसारी एवं प्रधानाचार्य नरेश चतुर्वेदी ने कहा कि इस तिरंगा रैली का मुख्य उद्देश्य व्यापक जन जागरण करना है तथा लोगों को राष्ट्रीय ध्वज की आन-बान-शान और राष्ट्र प्रेम के सच्चे महत्व से परिचित कराना है ताकि हर नागरिक के भीतर देश प्रेम की भावना और अधिक जागृत हो सके। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से अपील की कि आगामी स्वतंत्रता दिवस को पूरे हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाएं, अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा झंडा फहराएं और देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करें। यात्रा में शरद शर्मा, अनिल उपाध्याय, विवेक बघेल, प्रमोद बघेल, आर.के. सिंह जादौन, श्रीकृष्ण दीक्षित फौजी, चेतन शर्मा, डॉ. राकेश सेंगर, पूर्वेन्द्र शर्मा, महेश यादव आदि मौजूद रहे।









