पुलिस ने मृतका के शव को भेजा पोस्टमार्टम को पुलिस मामले की जांच में जुटी
सिकंदराराऊ। कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव नगला शेखा में शादी के महज 39वें दिन एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पुलिस एवं मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। मायके पक्ष के लोगों ने ससुरालीजनों पर दहेज की मांग पूरी न होने पर की हत्या करने का आरोप लगाया है ।
बताया जाता है कि गांव नगला शेखा निवासी अजय पुत्र पप्पू सिंह की शादी जनपद बुलंदशहर के थाना डिबाई क्षेत्र के गांव सतोहा निवासी 20 वर्षीय यशोदा पुत्री संजय के साथ 39 दिन पूर्व हुई थी। शादी के महज 39 वें दिन बुधवार की रात्रि को यशोदा की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई । अजय एक कंपनी में प्राइवेट नौकरी करता है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। घटना की सूचना पाकर मायके पक्ष के लोग एवं पुलिस भी मौके पर पहुंच गई । मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही यशोदा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
यशोदा के चाचा विनोद ने बताया कि उसके गले और शरीर पर चोट के निशान थे। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालीजनों ने यशोदा की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है।









