सिकंदराराऊ। कोतवाली क्षेत्र के अलग -अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में सात कांवड़िये एवं एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन फानन में घायल कांवड़ियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहीं परिजनों ने घायल छात्र को उपचार के लिए कस्बा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया । जहां से उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया ।
बताया जाता है कि रविवार की रात्रि 9 बजे करीब गंगाघाट सोरों से कांवड़ लेकर लौट रहे रवि पुत्र महेश निवासी आगरा, रूपेश पुत्र रमेश चंद्र ,प्रेमशंकर पुत्र रामपाल, कप्तान सिंह पुत्र गोपाल ,धर्मेंद्र पुत्र जगदीश निवासीगण बरहन जिला आगरा को एक तेज रफ्तार वाहन ने कासगंज रोड स्थित गांव अगसौली के निकट टक्कर मार दी। हादसे में पांचों कांवड़ियां गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया । वहीं दूसरा हादसा सोमवार की सुबह 8 बजे करीब कासगंज रोड स्थित गांव नावली लालपुर के समीप हुआ। जिसमें सड़क किनारे खड़े छात्र हिमांशु पुत्र कमलेश निवासी गांव नावली लालपुर को रॉन्ग साइड में बाइक पर सवार होकर आ रहे कांवड़िया उदयवीर पुत्र कुंवरपाल निवासी गांव अगसौली ने छात्र में टक्कर मार दी । हादसे में उदयवीर के साथ बाइक पर सवार 14 वर्षीय आर्यन पुत्र शिवकुमार भी घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आनन फानन में घायल कांवड़ियों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। परिजन घायल छात्र हिमांशु को उपचार के कस्बा के एक प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।









