सादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव मंस्या कला गांव में एक आवारा सांड के हमले में एक 65 वर्षीय किसान की मौत हो गई। किसान अपने बाजरे के खेत में घुसे सांड को भगाने गए थे, तभी सांड ने उन पर हमला कर दिया। घटना से जहां भारी हड़कम्प मच गया। वहीं परिवार में कोहराम मच गया है।
बताया जाता है कोतवाली क्षेत्र के गांव मंस्या कला निवासी किसान 65 वर्षीय लीलाधर सिंह पुत्र रुमाल सिंह आज शाम करीब 4:30 बजे अपने बाजरे के खेत पर पहुंचे। तभी उन्हें खेत में एक आवारा सांड फसल को नुकसान करते दिखा और किसान लीलाधर सिंह हाथ में लाठी लेकर उसे खेत से बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे।इसी दौरान सांड उग्र हो गया और उसने लीलाधर सिंह पर हमला कर दिया। सांड ने उन्हें सींगों से उठाकर कई बार जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जाता है किसान की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने लाठियों और झंडों की मदद से सांड को खेत से भगाया। परिजन और ग्रामीण घायल किसान को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।सीएचसी में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद लीलाधर सिंह को मृत घोषित कर दिया।। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आवश्यक जानकारी जुटाकर शव को कब्जे में लेकर लिया पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किसान की मौत के बाद से परिवार में मातम छा गया है। ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में आवारा गोवंश किसानों और राहगीरों के लिए खतरा बने हुए हैं। सांड खेतों में फसलों को नुकसान के साथ हमला कर देते हैं।ग्रामीणों ने प्रशासन से आवारा गोवंश को गोशालाओं में भेजने और समस्या का स्थायी समाधान की मांग की है।









