सादाबाद। कस्बा में बिजली चोरी रोकने और राजस्व वसूली अभियान के तहत कार्यवाही करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम पर कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला दुर्जिया में एक युवक द्वारा विद्युत टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जहां बिजली विभाग के कर्मचारियों के साथ अभद्रता, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया गया है। घटना में एक कर्मचारी घायल हो गया, जिसके बाद विभागीय अधिकारियों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ शिकायत देते हुए कड़ी कार्यवाही की मांग की है।
जानकारी के अनुसार उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आज विद्युत विभाग की टीम 11 केवी मिढ़ावली फीडर से जुड़े नगला दुर्जिया गांव में राजस्व वसूली शिविर आयोजित करने और बिजली चोरी के खिलाफ अभियान चलाने पहुंची थी। यह फीडर हाई लाइन लॉस वाले क्षेत्रों में शामिल है, इसलिए विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाकर उपभोक्ताओं को बकाया बिल जमा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। साथ ही बड़े बकायेदारों के विद्युत कनेक्शन भी काटे जा रहे थे।आज सुबह लगभग 11:15 बजे टीम गांव में निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान टीम एक उपभोक्ता देवा के घर पहुंची, जहां जांच में पाया गया कि वह बिना वैध कनेक्शन के सीधे लाइन से अवैध रूप से बिजली का उपयोग कर रहा था। विभागीय कर्मचारियों ने उसे नियमों की जानकारी देते हुए समझाने का प्रयास किया और पोल से जुड़ी अवैध केबल को काट दिया।
बताया गया जाता है अवैध कनेक्शन हटाए जाने से युवक देवा आक्रोशित हो गया। उसने पहले टीम के सदस्यों के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया तथा बाद में घर से डंडा लेकर आ गया। आरोप है कि उसने विभागीय कर्मचारियों पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में विद्युत विभाग के कर्मचारी भीम सिंह निवासी नानऊ के हाथ में गंभीर चोट आयी।घटना के दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और टीम को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई। इसके बाद 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मई पर तैनात टीजी-2 कर्मचारी बीरपाल सिंह ने सादाबाद कोतवाली में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।तहरीर में सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।











