कहीं चिकित्सक व स्टाफ अनुपस्थित मिले, तो कहीं पर मिली अव्यवस्थाएं व गंदगी: वेतन रोका: तबादला

हाथरस। मुख्य चिकित्साधिकारी डा.राजीव राॅय द्वारा आज कई स्वास्थ्य केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सलेमपुर, हसायन व सासनी का निरीक्षण किया और सलेमपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ने बंद मिला, इसके अलावा अन्य कई स्वास्थ्य केन्द्रों पर भी कई कमियां मिली, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
सीएमओ द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सलेमपुर का प्रातः 8ः20 पर निरीक्षण किया गया और चिकित्सकीय इकाई बंद पाई गई, जिसके दृष्टिगत डा. शुभम चिकित्साधिकारी को अग्रिम आदेशों तक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र आरती पर एवं चन्द्रभान सिंह फार्मासिस्ट को स्वास्थ्य केन्द्र सासनी पर कार्य किये जाने हेतु आदेशित किया गया एवं डा.नीलम सिंह चिकित्साधिकारी आयुष, श्रीमती अमिता सिंह स्टाफ नर्स के अग्रिम आदेशों तक माह मई के वेतन आहरण पर रोक लगाई गई है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हसायन के निरीक्षण के समय डा. प्रकाश मोहन प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक अनुपस्थित मिले तथा डा. कोपेन्द्र सिंह डेन्टल सर्जन, वीरेन्द्र फार्मासिस्ट, रवीन्द्र एचएस उपस्थित मिले। उपस्थिति पंजिका के अनुसार डा. उपेन्द्र सिंह चिकित्साधिकारी, डा. रूपेश चिकित्साधिकारी आरबीएसके, डा. शबनम एलएमओ आरबीएसके, डा. अभिनव चिकित्साधिकारी, श्रीमती ममता कुमारी स्टाफ नर्स, श्रीमती हेमलता स्टाफ नर्स एनबीएसयू, रवि कुमार स्टाफ नर्स अनुपस्थित मिले।एक्सरे कक्ष का निरीक्षण किया गया, जहां पवन कुमार-एक्सरे टेक्नीशियन उपस्थित मिले।जानकारी करने पर उनके द्वारा बताया गया कि प्रतिदिन लगभग 25-30 एक्स-रे हो जाते हैं। एलटी कक्ष में सतेन्द्र एलटी द्वारा 1 जांच की जा चुकी थी। स्टाफ को ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत रखते हुए तत्काल मटके में ठंडा पानी भरवाये जाने हेतु निर्देशित किया गया। कोल्ड चेन कक्ष में रवीन्द्र एचएस उपस्थित मिले और वैक्सीन के बारे में जानकारी की गई। लाॅग बुक की स्थिति संतोषजनक पाई गई।
प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक हसायन को चिकित्सकीय केन्द्र की साफ-सफाई सुदृढ़ किये जाने हेतु निर्देशित किया गया और यह भी निर्देशित किया गया कि वह अपनी अनुपस्थिति के सम्बन्ध में अपना तथ्यात्मक स्पष्टीकरण 2 दिवस के अंदर कार्यालय में उपलब्ध करायेंगें। अनुपस्थित स्टाफ डा. उपेन्द्र सिंह चिकित्साधिकारी, डा. रूपेश चिकित्साधिकारी, डा. शबनम, डा. अभिनव चिकित्साधिकारी, श्रीमती ममता कुमारी व श्रीमती हेमलता स्टाफ नर्स, रवि कुमार स्टाफ नर्स का अनुपस्थित होने के कारण आज के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई गई है।।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सासनी के निरीक्षण के समय डा.पंकज कुमार प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक ओपीडी करते हुए पाये गये। उपस्थिति पंजिका का अवलोकन किया गया, जिसके अनुसार डा. हितेश कुमार चिकित्साधिकारी एवं अमित सेंगर डीईओ अनुपस्थित मिले। रजनीश कुमार एचएस 19 मई से अब तक अनुपस्थित मिले। चतुर सिंह स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी उपस्थित थे, किन्तु उनके द्वारा उपस्थिति पंजिका में उपस्थिति दर्ज नहीं की गई थी। एलटी कक्ष में कैलाश चन्द्र एसएलए, श्रीमती देव ज्योति एलटी उपस्थित मिलीं। केन्द्र पर होने वाले जांचों के बारे में जानकारी की गई, तो अवगत कराया गया कि कुल 20 प्रकार की जांचे होती हैं एवं आज 8 जांचे एवं प्रतिदिन लगभग 80-100 जांचे हो जाती हैं। एक्सरे कक्ष में स्टाफ एवं प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि उपचार हेतु आये मरीजों को उनकी परेशानी के बारे में संतोषजनक समझाया जाये एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाये।
डेन्टल कक्ष में डा. अनु अग्रवाल दन्त शल्यक एवं सौरभ बंसल डेन्टल हाईजिनिस्ट उपस्थित मिले। जानकारी करने पर बताया गया कि आज 2 मरीज एवं प्रतिदिन 15-20 दन्त समस्याओं के मरीज उपचार हेतु आते हैं। आयुष्मान वार्ड में भी भूपेन्द्र उपाध्याय आयुष्मान मित्र उपस्थित मिले।कल 22 मई को कुल 5 कार्ड बनाये गये थे, आयुष्मान मित्र को रिकार्ड व्यवस्थित किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
एआरवी कक्ष में अनिल कुमार जायसवाल फार्मासिस्ट उपस्थित मिले और आज 15 एवं प्रतिदिन 90-100 एआरवी लग जाते हैं। एनसीडी कक्ष में डा शालिनी शर्मा उपस्थित मिलीं।एनसीडी के 16 एवं जनरल के 10 मरीज देखे जा चुके थे। लेबर वार्ड में डा. रिचा गर्ग स्त्री रोग विशेषज्ञ, श्रीमती सरिता गुप्ता स्टाफ नर्स, श्रीमती उमा स्टाफ नर्स उपस्थित मिलीं। प्रसव के बारे में जानकारी करने पर बताया गया कि रात्रि में 2, माह मई में अब तक 127 प्रसव किये जा चुके हैं। डा. रिचा गर्ग स्त्री रोग विशेषज्ञ को केन्द्र सासनी पर मेडिकोलीगल किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।।
प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक सासनी को केन्द्र के बाहर की साफ-सफाई सही किये जाने हेतु व अनुपस्थित कार्मिकों से स्पष्टीकरण प्राप्त किये जाने हेतु निर्देशित किया गया एवं डा.हितेश कुमार चिकित्साधिकारी एवं अमित सेंगर डीईओ का आज एवं रजनीश कुमार एचएस 19 से 23 मई तक के वेतन आहरण पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगाई गई। रजनीश कुमार स्वास्थ्य पर्यवेक्षक (पुरूष) अनुपस्थित होने के कारण इनका स्थानान्तरण सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र हसायन पर किया गया है।












