
हाथरस सावन कृपाल रूहानी मिशन के बैनरतले जनपद की तीनों शाखाओं क्रमशः कृपाल आश्रम गौशाला मार्ग, कृपाल आश्रम पिछोंती हसायन एवं राजिंदर आश्रम वीर नगर सासनी पर आध्यात्मिक साप्ताहिक सत्संग का भव्य आयोजन किया गया।
इस आध्यात्मिक अवसर पर मिशन के प्रमुख व विश्व विख्यात आध्यात्मिक संत राजिंदर सिंह जी महाराज के पावन प्रवचन ऑडियो-वीडियो के माध्यम से प्रसारित किए गए। महाराज जी के वचनों ने संगत को रूहानियत और आंतरिक शांति का मार्ग दिखाया। महाराज जी द्वारा समझाया गया कि हमें अपना जीवन शांति और सादगी से प्रभु की रजा में जीना चाहिए। सत्संग के बाद महाराज जी ने सामूहिक रूप से सभी साध संगत को भजन-अभ्यास पर बिठाया। जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने बड़े ही भक्ति भाव से प्रभु का ध्यान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी संगत को अटूट लंगर परोसा गया, जिसे सभी संगत ने प्रेमपूर्वक ग्रहण किया।
सत्संग के दिन मिशन की तीनों शाखाओं पर मिशन के दिशा निर्देशों के अनुरूप विभिन्न प्रकार की अलग अलग गतिविधियां जैसे, बाल सत्संग, दर्शन लाब्रेरी, आध्यात्मिक बुक स्टाल, निःशुल्क आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक, एलोपैथिक डिस्पेंसरी, कृपाल प्याऊ आदि भी संचालित की गयीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शाखाओं की प्रबंध समिति के सदस्यों व कर्मठ सेवादारों ने अपना अमूल्य सहयोग प्रदान किया।











