
सिकन्द्राराऊ पुरदिलनगर रेलवे फाटक के निकट स्थित फारूकी समाज के कब्रिस्तान में गुरुवार को अचानक आग लग गई। आग ने अपना विकराल रूप धारण कर लिया । कब्रिस्तान से उठती आग की लपटों को देख मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर फारूकी समाज के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। समाज के लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर आरोप लगाया है। नगर पालिका की लापरवाही के चलते सड़क किनारे डाले जा रहे कूड़े के ढेर से आग फैलकर कब्रिस्तान तक पहुंची। घटना से समाज के लोगों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति भारी रोष व्याप्त है।
बतादें कि नगर पालिका द्वारा पुरदिलनगर मार्ग पर कूड़ा डाला जाता है। कूड़े के ढेर से उठने वाली दुर्गंध से वहां से गुजरने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही गर्मी और सूखे कचरे के कारण इन कूड़े के ढेरों में अक्सर आग लग जाती है। जिससे आसपास के क्षेत्रों में खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी कूड़े में लगी आग से सड़क किनारे के खड़े कई पेड़ झुलस गए थे। कल गुरुवार को भी कूड़े में आग भड़कने के बाद वह कब्रिस्तान तक पहुंच गई और तेजी से फैलने लगी। कब्रिस्तान से उठती आग की लपटों से क्षेत्र में खलबली मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फारूकी समाज के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगो ने अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया। लोगों ने आरोप लगाया कि फायर ब्रिगेड को सूचना देने के बावजूद दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। जिससे उनमें नाराजगी देखी गई। स्थानीय नागरिकों का कहना था कि यदि समाज के लोगों ने समय पर प्रयास न किया होता, तो आग कब्रिस्तान से सटे अन्य क्षेत्रों तक भी फैल सकती थी। समाज के लोगों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश पनप रहा है। घटना के बाद फारूकी समाज के युवा नेता फैजान भारती ने नगर पालिका की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने इसे नगर पालिका की घोर लापरवाही बताते हुए कहा कि सड़क किनारे मनमाने ढंग से कूड़ा डालना न केवल स्वच्छता व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगाता है, बल्कि आमजन की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन रहा है। इस संबंध में नगर पालिका अध्यक्ष मुंशीर कुरैशी ने कहा कि शीघ्र ही नगर पालिका का डंपिंग कूड़ा सेंटर सक्रिय हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे अस्थायी रूप से कूड़ा डालने की समस्या समाप्त हो जाएगी।









